नई दिल्ली:
देश के द्वितीय प्रधानमंत्री, सरलता, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के प्रतीक स्वर्गीय श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की स्मृति में इस वर्ष से “राष्ट्रीय लाल बहादुर शास्त्री पुरस्कार” प्रारंभ किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार गंतव्य संस्थान द्वारा प्रदान किया जाएगा और इसका आयोजन 30 अगस्त 2025 को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में किया जाएगा।
यह राष्ट्रीय पुरस्कार 25वें राष्ट्रीय स्त्री शक्ति सम्मान समारोह के साथ ही प्रदान किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश की महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इस भव्य समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
इस निर्णय को अंतिम रूप देने हेतु पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री जी के दोनों सुपुत्रों – श्री अनिल शास्त्री जी और श्री सुनील शास्त्री जी से व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में गंतव्य संस्थान के अध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार त्यागी एवं महासचिव डॉ. राजेन्द्र कुमार रावत भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि श्री सुनील शास्त्री जी, जो पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं, स्वयं गंतव्य संस्थान के संरक्षक हैं। वे इस आगामी समारोह की अध्यक्षता भी करेंगे। उन्होंने संस्थान के इस निर्णय का स्वागत किया और इसे शास्त्री जी के विचारों और मूल्यों को जीवित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
डॉ. अरविंद कुमार त्यागी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्त्री शक्ति सम्मान पुरस्कार के लिए महिलाएं किसी भी क्षेत्र से नामांकन कर सकती हैं। यह पुरस्कार महिलाओं की सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, प्रशासनिक, चिकित्सा, उद्यमिता एवं अन्य क्षेत्रों में की गई उत्कृष्ट उपलब्धियों को मान्यता देने हेतु दिया जाता है। इस सम्मान के लिए देश-विदेश से महिलाएं आवेदन कर सकती हैं।
गंतव्य संस्थान का यह आयोजन नारी सशक्तिकरण और राष्ट्रीय मूल्यों के संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल मानी जा रही है। पुरस्कार वितरण समारोह में कला, संस्कृति, राजनीति, प्रशासन, मीडिया एवं शिक्षा जगत की नामचीन हस्तियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है।